छागुंइ में गुफा में मिले नर कंकाल की जानकारी लेते भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज।
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की खणी पंचायत के गांव छांगुई के रास्ते में बनी गुफा में नर कंकाल मिला है। कंकाल वर्षों पुराना प्रतीत होता है। खैर, भरमौर-पांगी विधायक ने इसकी जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि आखिरकार ये कंकाल कितने वर्ष पुराना है। भरमौर थाना की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।
गौर रहे कि भरमौर-पांगी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम से दुर्गम गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के साथ ही उनका घरद्वार पर उपचार कर उन्हें अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में विधायक डॉ. जनकराज खणी पंचायत के गांव छांगुई में पहुंचे थे। जहां पर रास्ते में एक नर कंकाल देख कर वे स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों ने बताया कि अकसर कई जगहों पर जमीन खुदाई करने पर इस प्रकार के कंकाल मिलते रहे हैं।
विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि ये इंसान की हड्डियां हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की हड्डिया खेतों में भी कई बार निकल चुकी हैं। ऐसे में ये जांच का विषय है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों का तर्क के आधार पर इसी वैज्ञानिक तरीके से जांच करना अति आवश्यक है। उधर, थाना प्रभारी भरमौर हरनाम सिंह ने कहा कि विधायक के निर्देश के बाद ग्रामीणों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। इसकी जांच जारी है।