जिले में हुई बारिश से किसानों को मिली राहत, खेत तैयार करने में जुटे
सलूणी, साहो सहित कई इलाकों में किसानों ने शुरू की मक्की की बुआई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। जिले में बीते दिनों हुई बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में नमी बढ़ने के बाद अब ऊपरी क्षेत्रों में मक्की की बिजाई का कार्य जोर पकड़ने लगा है।
लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसान मौसम साफ होते ही खेतों में उतर आए हैं। खेती के कार्य में तेजी आ गई है। सलूणी और साहो सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में किसानों ने मक्की की बुआई शुरू कर दी है। किसान खेतों की सफाई, जुताई और बुआई के कार्य में दिनभर जुटे हुए हैं।
दीप राज, किशोरी लाल, खेम राज, हंस राज, पवन कुमार, मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार और खेम राज ने कहा कि बारिश के बाद मिट्टी में आई नमी मक्की की फसल के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। समय पर हुई बारिश से इस बार बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। कृषि विभाग भी किसानों की सुविधा के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कृषि विभाग उपमंडल स्तर तक किसानों को गुणवत्तायुक्त मक्की का बीज उपलब्ध करवा रहा है। ग्रामीण इलाकों में खेती के कार्य तेज होने से किसानों में उत्साह का माहौल है। आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो इस बार मक्की की अच्छी पैदावार होने की संभावना जताई जा रही है। उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में नमी अच्छी है तो बिजाई शुरू कर दें। जहां मक्की की सप्लाई नहीं पहुंची है, वहां उपकेंद्रों में मांग करें। फिलहाल विभाग के पास 800 क्विंटल मक्की के बीज की मांग आई है। इसे उपमंडल स्तर पर भेज दिया गया है।