खज्जियार में बंद पड़े विक्रय केंद्र से वापस जाते सैलानी।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों को चंबा के उत्पाद उपलब्ध करवाने वाले विक्रय केंद्र पर ताला लटका हुआ है। एक माह से यह विक्रय केंद्र बंद पड़ा है। इसके चलते पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब चार माह पहले ही प्रशासन ने एक परियोजना के तहत इस विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया है। विक्रय केंद्र को शुरू करने का मकसद चंबा के स्थानीय उत्पादों को पर्यटकों तक पहुंचाना था।
दरअसल, कई बार पर्यटक खज्जियार घूमने आते हैं और यहीं से लौट जाते हैं। इस कारण चंबा के उत्पादों तक पर्यटक नहीं पहुंच पाते हैं। इसी को लेकर प्रशासन ने खज्जियार में विक्रय केंद्र खोला, लेकिन अब विक्रय केंद्र पर ताला लटक गया है। खज्जियार पहुंचे पर्यटकों प्रीति कौर, संजीव खन्ना, सुरजीत सिंह, कुविंद्र कुमार, रोहन सिंह, सुमित सिंह का कहना है कि वे खज्जियार घूमने पहुंचे थे। उन्हें जानकारी मिली कि चंबा के उत्पादों को लेकर विक्रय केंद्र खोला गया है लेकिन जब वे केंद्र पहुंचे तो वहां ताला लटका हुआ था।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विक्रय केंद्र को जल्द खोला जाए। यह खज्जियार विक्रय केंद्र में प्रमुख उत्पाद चंबा की चप्पल, शॉल, आचार, चंबा चुख, टोपी सहित चंबा थाल और स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाए जाने वाले उत्पाद भी उपलब्ध हैं।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी योगिंद्र कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द इसे खुलवाया जाएगा।