कंपनी ने जिले के पेट्रोल पंपों पर लगाए सीमित मात्रा में तेल भरवाने के पोस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर कंपनी की ओर से जारी निर्देशों के बाद पेट्रोल पंपों पर स्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पंपों पर सीमित मात्रा में ईंधन भरवाने संबंधी सूचना चस्पां की गई है। दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालक किसी भी तरह की कमी से इन्कार कर रहे हैं। ईरान संकट और वैश्विक परिस्थितियों के बीच जारी इस एडवाइजरी ने आम उपभोक्ताओं में हल्का भ्रम जरूर पैदा किया है लेकिन फिलहाल जमीनी स्तर पर ईंधन की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक संकट और युद्ध जैसी परिस्थितियों में ईरान संकट का हवाला देते हुए देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और ईंधन बचाने की अपील की है।
कंपनी ने ग्राहकों के लिए एक समय में 35 लीटर पेट्रोल और 200 लीटर डीजल भरवाने की सूचना लगाई है। इसी के चलते पेट्रोल पंप पर भीड़ भी देखने को मिल रही है। हालांकि, पंप मालिकों का कहना है कि उनकी ओर से तेल की सप्लाई में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आई है। पंप मालिकों का कहना है कि तेल की सप्लाई जिस तरह पहले आती थी, वैसे ही आ रही है। पंप में तेल पर्याप्त मात्रा में है और ग्राहकों को जरूरत के हिसाब से तेल मिल रहा है।
नैय्यर पेट्रेाल पंप के मालिक ने बताया कि पंप में तेल की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। तेल की सप्लाई पर्याप्त मात्रा में आ रही है। ग्राहकों को भी तेल जरूरत के मुताबिक मिल रहा है।
वर्मा फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक ने बताया कि तेल में कमी तो आई है पर गाड़ियां रूटीन से आ रही हैं। पंप को ड्राई नहीं होने दिया जा रहा है। ग्राहकों को प्रर्याप्त मात्रा में तेल मिल रहा है।
सुनील सर्विस स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि कंपनी की और पेट्रोल और डीजल को सीमित मात्रा में देने की अपील की गई है। हालांकि, पंप में तेल पूरी मात्रा में उपलब्ध है।
एनपी फिलिंग स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि तेल की सप्लाई में कोई कमी नहीं है। तेल की गाड़ियां जैसे पहले आती थीं, उसी हिसाब से सप्लाई आ रही है। ग्राहकों को तेल उपलब्ध हो रहा है।