चंबा। स्वास्थ्य और पुलिस विभाग ने दवाई की दुकानों में प्रतिबंध के बावजूद नशीली दवाएं बेचने वालों पर शिकंजा कसने के लिए संयुक्त अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को दवा निरीक्षक और पुलिस की टीम ने मिलकर चंबा शहर के बाजार में संचालित दवाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में दवाइयों की जांच-पड़ताल की गई। संयुक्त अभियान से कई केमिस्टों में हड़कंप मच गया। इसको लेकर विभाग के पास भी कई शिकायतें पहुंची थीं। कई लोग नशीले कैप्सूलों के साथ चंबा में पकड़े भी जा चुके हैं।
अभियान के दौरान अगर किसी केमिस्ट के पास प्रतिबंधित नशीली दवाई मिलती है तो उसका ड्रग लाइसेंस भी रद्द हो सकता है। इसलिए निरीक्षण के साथ दवा निरीक्षक केमिस्टों को प्रतिबंधित दवाओं को न बेचने के आदेश दे रहे हैं। दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित नशीली दवाओं की जांच करने के लिए पुलिस के साथ मिलकर अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सभी केमिस्टों की दुकानों में चेकिंग कर दवाइयों की जांच-पड़ताल की जा रही है।