तेलका (चंबा)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले तेलका क्षेत्र के युवाओं को अब क्षेत्र से बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। सलूणी प्रशासन और लोगाें के संयुक्त प्रयासों से तेलका स्थित लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षा, तकनीकी शिक्षा, इतिहास, सामान्य अध्ययन के अलावा बहु उपयोगी विषय की पुस्तकें उपलब्ध हो गई हैं। जलशक्ति विभाग सलूणी के अधिशासी अभियंता हेमंत पुरी ने पुस्तकालय को 110 पुस्तकें दान दी हैं। ये पुस्तकें छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के काम आएंगी।
तेलका में लाइब्रेरी का उद्घाटन तत्कालीन एसडीएम किरण भड़ाना ने वर्ष 2020 में किया, तबसे लेकर वर्तमान समय तक इस पुस्तकालय में करीबन 1,200 ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध हैं। पुस्तकालय प्रभारी धर्मेंद्र सूर्या ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय में 50 छात्र-छात्राएं नियमित आते हैं। इस पुस्तकालय से पढ़कर कई छात्र-छात्राएं सरकारी नौकरी प्राप्त कर चुके हैं। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने बीते दिनों ज्ञानवर्धक पुस्तकें प्रदान की हैं।