भरमौर की गान पंचायत के चार भेड़पालकों की 12 भेड़-बकरियां चपेट में आने की आशंका
लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना से कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने वार्ता कर मांगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर उपमंडल के हुडकोष गोठ क्षेत्र में भूस्खलन और ग्लेशियर खिसकने की घटना से भरमौर के भेड़पालकों में चिंता का माहौल है। जिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने कहा कि सभी भेड़पालक सुरक्षित हैं। हालांकि, कुछ भेड़-बकरियों के नुकसान की सूचना मिली है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने के लिए संयुक्त टीम मौके पर भेजेगा।
भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गान (स्क्रैना) के ठाकुर राम, पप्पू राम, झपल और पृथु राम अपने करीब 1500 भेड़-बकरियों के साथ हुडकोष गोठ क्षेत्र में डेरा डाले थे। इसी दौरान क्षेत्र में भूस्खलन और ग्लेशियर खिसकने की घटना हुई। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक 10 से 12 भेड़-बकरियों के मारे जाने की आशंका है। घटना के बाद मोबाइल नेटवर्क बाधित होने से भेड़पालकों से उनके परिजनों का संपर्क नहीं हो सका जिससे परिवारों की चिंता बढ़ गई। इस बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित भेड़पालकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
प्रशासन ने पुलिस और संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार सभी भेड़पालक सुरक्षित हैं। वन, राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम जल्द मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी।