भारी चट्टानें गिरने से लूणी के पास बंद पड़ा लाहडू-द्रम्मण मार्ग।संवाद
- फोटो : Chamba
सिहुंता (चंबा)। लाहडू-द्रम्मण सड़क साहला के लूणी नामक स्थान पर भारी चट्टानें गिरने से वाहनों के लिए मंगलवार सुबह 7:15 बजे बंद हो गई। सड़क बंद होने से वाहन चालकों समेत स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। काफी देर तक सड़क बहाल न होने पर लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर सड़क को पार कर दूसरे किनारे पहुंचे और वहां खड़े वाहनों में सवार होकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो पाए। खबर लिखे जाने तक सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाई थी।
तहसील मुख्यालय चुवाड़ी स्थित चुवाड़ी कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों और विभागीय कार्यालयों में पहुंचना विद्यार्थियों और कर्मचारी वर्ग के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। ग्रामीणों राजीव कुमार, नरेश कुमार, योगराज, प्रताप चंद, अंबिया राम, नरेश कुमार आदि ने बताया कि वे तीन घंटे तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। सुबह 11:00 बजे तक भी मार्ग बहाल न होने पर वे अपनी जान जोखिम में डाल कर जैसे-तैसे कर मार्ग पार कर दूसरी ओर पहुंचे और चुवाड़ी के लिए रवाना हो पाए। ग्रामीणों ने विभाग से सड़क को जल्द बहाल करवाने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर ने बताया कि मार्ग बहाल करवाने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं। सड़क से नीचे मकान हैं, जिसके चलते चट्टानों को सड़क से नीचे नहीं गिराया जा सकता है। बहरहाल मार्ग को बहाल करवाने के लिए हर तरह से कोशिश की जा रही है। सोमवार रात तक मार्ग बहाल करने की कोशिश रहेगी।