क्रैश बैरियर न होने से एनएच पर खतरनाक हुआ सफर
चनेड़ (चंबा)। चंबा-पठानकोट हाईवे पर चनेड़ से आगे कई जगह क्रैश बैरियर टूटे हुए हैं तो कई जगह इनका नामोनिशान तक नहीं है।
ऐसे में इस मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। चनेड़ के आसपास और आगे के कई ऐसे मोड़ हैं जिनके किनारे क्रैश बैरियर क्षतिग्रस्त हैं। कुछ जगह क्रैश बैरियर गायब हैं।
सतीश कुमार, कमल कुमार, रविंद्र सिंह, महिंद्र कुमार, जर्म सिंह और दौलत राम ने कहा कि इस मार्ग पर वाहन अकसर तेज रफ्तार से गुजरते हैं। यदि चालक से जरा सी चूक हो जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। सुरक्षा के लिए लगाए गए क्रैश बैरियर ही नहीं हैं तो दुर्घटना की स्थिति में नुकसान और बढ़ सकता है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियरों की जल्द मरम्मत करवाई जाए और जहां बैरियर नहीं हैं वहां नए बैरियर लगाए जाएं। संवाद