चंबा। पंचायत चुनाव में कई दिलचस्प पहलू सामने आ रहे हैं। इसी तरह के मामले में खज्जियार पंचायत में पिता और पुत्र प्रधान पद के लिए आमने सामने हैं। इसको लेकर पंचायत में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं दोनों ही चुनाव मैदान से हटने को तैयार नहीं है। इससे यहां मुकाबला रोचक होता जा रहा है। हालांकि नाम वापसी की तिथि बुधवार को तय की गई और इसके बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। मगर अभी तक दोनों ही अपनी दावेदारी लेकर लोगों से अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं।
पंचायत में उपप्रधान के लिए मात्र दो ही लोगों ने नामांकन दाखिल किए है। जबकि प्रधान पद के लिए चार आवेदन आए हैं। इसमें पिता-पुत्र भी शामिल है। पिता और बेटे के एक साथ प्रधान पद के लिए दावेदारी ठोंकने के बाद पंचायत के लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। गौरतलब है कि पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली है। 31, 1 और दो जनवरी को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। जबकि चार जनवरी को छंटनी भी हो चुकी है।
पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे। इसके लिए पंचायत बार विकास खंड कार्यालय की ओर से शेड्यूल भी जारी कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रधान पद की दावेदारी से पिता पुत्र मोह में पीछे हटते हैं या फिर बेटा पिता का सम्मान करते हुए कुर्सी का मोह छोड़ता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो दोनों चुनावी मैदान में एक दूसरे के खिलाफ वोट मांगते हुए नजर आएंगे।