खज्जियार (चंबा)। पर्यटक स्थल खज्जियार में प्रवेश करने वाले वाहनों को अब सिर्फ वन्य प्राणी क्षेत्र शुल्क देना होगा। पार्किंग के नाम पर वाहन चालकों और सैलानियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं चुकाना होगा। इसके लिए वन्य प्राणी विभाग ने लक्कड़मंडी और मियाड़ी गला में दो बैरियरों की नीलामी कर दी है। पिछले वर्ष जो बैरियर एक करोड़ रुपये में नीलाम हुए थे।
वही, बैरियर इस बार साठ लाख में नीलाम किए गए हैं, जिससे पर्यटकों को खज्जियार में प्रवेश करने के लिए अतिरिक्त शुल्क न देना पड़े। इससे पहले खज्जियार में पहले बैरियरों पर पर्यटकों से गाड़ियों की पार्किंग और वन्य प्राणी क्षेत्र का शुल्क काटा जाता था। जबकि खज्जियार में वाहनों को पार्क करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पार्किंग भी उपलब्ध नहीं है। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ। इस बार बैरियरों की नीलामी करने से पहले वन्य प्राणी विभाग ने ईको टूरिज्म सोसायटी की बैठक को लेकर चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब बैरियरों पर पार्किंग शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इतना ही नहीं दो पहिया वाहनों से खज्जियार में कोई फीस नहीं ली जाएगी। क्योंकि दो पहिया वाहन ज्यादातर स्थानीय लोगों के होते हैं।
चार सीटों वाले वाहन का लगेगा 50 रुपये शुल्क
चार सीटों वाले वाहनों का खज्जियार में प्रवेश शुल्क पचास रुपये तय किया गया है। जबकि छह सीटों और इससे बड़े वाहनों का सौ रुपये, टेंपो ट्रेवल 150 रुपये, बस 200 रुपये और जीप का पचास रुपये शुल्क शुल्क तय किया गया है। इसको लेकर संबंधित ठेकेदार को विभाग की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
एसीएफ संजीव कुमार ने बताया कि खज्जियार और लक्कड़मंडी बैरियर की नीलामी साठ लाख रुपये में हुई है। अब खज्जियार में सैलानियों से पार्किंगशुल्क नहीं लिया जाएगा। खज्जियार में आने वाले वाहनों से सिर्फ वन्य प्राणी क्षेत्र में दाखिल होने का शुल्क लिया जाएगा। इसको लेकर रेट भी तय किए जा चुके हैं।