पंजाब सहित अन्य राज्यों से घूमने पहुंचे मेहमान
दो दिन की बुकिंग होने से होटल मालिक दिखे खुश
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। वीकेंड पर पर्यटन स्थल खज्जियार पर्यटकों से गुलजार हो गया। शनिवार और रविवार की छुट्टी बिताने के लिए पंजाब सहित पड़ोसी राज्यों से पर्यटक परिवार के साथ घूमने के लिए पहुंच चुके हैं।
50 फीसदी होटलों के कमरे पैक हो चुके हैं। भले ही यह बुकिंग दो दिन के लिए हों लेकिन काफी दिनों से चल रहे सन्नाटे के बाद अचानक चहलकदमी बढ़ने से होटल संचालकों से लेकर हर कोई खुश है। बारिश के चलते यहां कोई भी पर्यटक नहीं पहुंच रहा था। हालांकि, पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई थी। जैसे ही बारिश का दौर शुरू हुआ तो पर्यटकों की कमी होने लगी। ऐसे में वीकेंड पर झील मैदान एक बार फिर से पर्यटकों से भरा हुआ नजर आया। यहां के स्थानीय बाशिंदों का मुख्य व्यवसाय पर्यटन पर ही टिका है। ऐसे में पर्यटकों की आमद बढ़ने से उनकी आमदनी भी बढ़ जाती है। सन्नाटा पसरने से उनका कारोबार भी ठंडा हो जाता है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही सैकडों की संख्या में पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं। इसी सीजन में होने वाली कमाई से लोकल लोगों के परिवारों का भरण-पोषण होता है।