संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक भूरि सिंह संग्रहालय में कला एवं शिल्प गैलरी का नवीनीकरण होगा। इसका उद्देश्य पर्यटकों को चंबा की सांस्कृतिक विरासत और धरोहरों से परिचित करवाना है। यह संग्रहालय भारत के प्रारंभिक संग्रहालयों में से एक है।
भूरि सिंह संग्रहालय में छह गैलरियां है। पुरातत्व, लघु चित्र, नृविज्ञान व काष्ठकला जैसी अलग-अलग गैलरियां हैं। 6500 से अधिक विभिन्न प्राचीनतम ऐतिहासिक सामग्री सुरक्षित रखी है। इनमें प्राचीन शिलालेख, ताम्रपत्र व पांडुलिपियां जो शारदा, टांकरी, भोटी, गुरुमुखी और फारसी लिपियों में लिखित है। लघु चित्र, चंबा रुमाल, पहली से 18वीं शताब्दी तक के प्राचीनतम सिक्के, कलाकृतियां, पहाड़ी गहने और संगीत वाद्ययंत्र आदि सम्मिलित हैं। 14 सितंबर 2022 को संग्रहालय ने 114वां स्थापना दिवस मनाया।