लक्कमंडी में बर्फ हटाने में जुटी विभागीय जेसीबी।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। बर्फबारी के कारण एक सप्ताह से बंद पड़े खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने का कार्य शुरू हो गया है। विभाग का दावा है कि तीन दिनों के भीतर मार्ग यातायात के लिए बहाल हो जाएगा। हालांकि खराब मौसम ने लोनिवि की दिक्कतें जरूर बढ़ा दी है।
लक्कड़मंडी से खज्जियार मार्ग बर्फबारी के कारण बंद होने से पर्यटक डलहौजी से खज्जियार नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से खज्जियार में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। खज्जियार के लोगों की रोजी-रोटी पर्यटन पर निर्भर है। इसके अलावा होटल व्यवसायी भी खज्जियार में पर्यटक न आने से परेशान हैं। इसको देखते हुए खज्जियार के लोग मार्ग को बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
इसको देखते हुए लोनिवि ने मार्ग को बहाल करने का कार्य आरंभ करवा दिया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी को लगा दिया गया है। जरूरत पड़ी तो मार्ग बहाली के लिए और मशीनरी लगाई जाएगी।