पर्यटन नगरी डलहौजी को मिनी स्विटजरलैंड खजियार से जोड़ने वाली वाया लक्कड़मंडी लिंक मार्ग पर एक सप्ताह से आवाजाही ठप है।
हाल ही में हुए हिमपात के बाद लोनिवि ने मुख्य सड़कें तो साफ कर दीं लेकिन खजियार से डलहौजी वाया लक्कड़मंडी सड़क पर से बर्फ हटाने का काम शुरू नहीं हो पाया। जिससे यहां का पर्यटन व्यवसाय तो आहत हो ही रहा है वहीं कामकाजी लोगों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
खजियार के पर्यटन व्यवसायियों सुरेंद्र, दलीप, राजकुमार, नरेश, पृथी सिंह, उत्तम, विजय व अन्य ने बताया कि बर्फबारी के बाद डलहौजी से लक्कड़मंडी होते हुए पर्यटकों के सैकड़ों दस्ते खजियार पहुंचते हैं। लेकिन सड़क पर बर्फ जमी होने से दोनों पर्यटन नगरियों का आपसी संपर्क कट गया है। लेकिन अभी तक लोनिवि डलहौजी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। लोगों में लोनिवि डलहौजी के प्रति खासा रोष पनप गया है।
पर्यटन व्यवसाय पर आश्रित लोगों ने जिला पर्यटन अधिकारी व लोनिवि डलहौजी से मांग की है कि खजियार से डलहौजी वाया लक्कड़मंडी संपर्क मार्ग को शीघ्र पर्यटन की दृष्टि से बहाल किया जाए।