भरमौर (चंबा)। भरमौर के दूरदराज क्षेत्र कुगति स्थित कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट शनिवार को 134 दिनों के लिए बंद हो गए हैं। अब श्रद्धालु करीब पांच महीने के बाद ही कार्तिक स्वामी के दर्शन कर पाएंगे। यह कपाट अगले साल 14 अप्रैल को खोले जाएंगे। मंदिर के कपाट बंद करने से पूर्व मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
पुरानी परंपरा के अनुसार और विधि विधान से मंदिर के कपाट बंद किए गए। कार्तिक स्वामी के आखिरी दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। मंदिर के पुजारी मचलू राम शर्मा ने बताया कि हर वर्ष सर्दियों के दौरान मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। क्योंकि यह मंदिर क्षेत्र की ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। यहां पर सर्दियों में भारी बर्फबारी होती है।
इस दौरान कोई भी श्रद्धालु मंदिर में नहीं पहुंच पाता है। इस वजह से हर वर्ष सर्दियां शुरू होते ही मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। जिस दिन मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। उस दिन मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन होगा। इसके साथ ही मंदिर में अगले वर्ष का मौसम जानने के लिए परंपरा अनुसार पानी की गढ़वी भरकर रखी गई है।