पर्यटन नगरी डलहौजी में विंटर कार्निवल 2025 की सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियां बनी यादगार
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में विंटर कार्निवल 2025 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ यादगार बन गई। इस मौके पर एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की । उनके साथ डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत की छात्राओं ने राजस्थानी कालबेलिया नृत्य, पहाड़ी डांस और पारंपरिक झमाकड़ा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर दर्शकों और पर्यटकों ने जमकर तालियां बजाईं।
छात्राओं की सधे हुए कदमों और लोक-संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। वहीं, प्रसिद्ध लोक कलाकार अवतार सिंह द्वारा प्रस्तुत मुसाधा गायन ने चंबा की समृद्ध लोक-संस्कृति की झलक पेश की। इसके अलावा खान हिमाचली, विशाल, तिलक राज, युव राज, राजी ठाकुर, करन, प्रवीण शाजदा की विभिन्न प्रस्तुतियों ने पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर दिया वहीं ओपन माइक सत्र ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी, जिसमें पर्यटकों को भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
वहीं अंकुश बैरी ने बांसुरी की मधुर धुनों से खूब समा बांधा। स्थानीय कलाकार विशाल ने अपने गीतों से पर्यटकों को खूब नचाया। खान हिमाचली ने भी गीत गा कर लोगों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर जगजीत आजाद और फिरोज के रोज ने बेहद रोचक और प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की रुचि बनी रही। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों की मौजूदगी रही। जिन्होंने विंटर फेस्ट के माध्यम से डलहौजी की लोक-संस्कृति, संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया।