चंबा। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान इस बार हिमाचल प्रदेश की झांकी देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि चंबा से इस झांकी के साथ दो कलाकार जितेंद्र पंकज शर्मा और रितिका ठाकुर शामिल होंगे। जितेंद्र पंकज शर्मा गायक हैं और रितिका ठाकुर मंच संचालक हैं।
कुल्लू, सिरमौर और ऊना से भी कलाकार इन दोनों का साथ देते नजर आएंगे। जितेंद्र पंकज शर्मा करीब 20 साल से चंबा और हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को विश्व पटल पर लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। 2026 के गणतंत्र दिवस पर हिमाचल प्रदेश की झांकी की थीम हिमाचल प्रदेश के वीरता पुरस्कार विजेता हैं। इसमें प्रदेश के परमवीर चक्र, अशोक चक्र और महावीर चक्र विजेताओं की शौर्य गाथाओं और बर्फ से ढके पहाड़ों की भव्य झलक दिखाई देगी। मेजर सोमनाथ शर्मा सहित हिमाचल के चार परमवीर चक्र विजेताओं और अन्य सैन्य सम्मान पाने वालों की तस्वीरें भी इसमें शामिला होंगी।