चंबा में पांगी के धरवास-चलौली मार्ग पर सड़क से नीचे गिरने के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी।संवाद
- फोटो : चंबा में पांगी के धरवास-चलौली मार्ग पर सड़क से नीचे गिरने के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी।संवाद
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के धरवास-चलौली मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर शौग नाले में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक समेत एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सिविल अस्पताल किलाड़ में प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू रेफर कर दिया गया है। मृतक युवक की पहचान रजनीश (29) पुत्र हरि नाथ गांव व डाकघर धरवास तहसील पांगी जिला चंबा के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान देवेंद्र सिंह (चालक) पुत्र बहादुर सिंह गांव कुठा डाकघर धरवास तहसील और थाना पांगी और राम बहादुर (50) पुत्र धन बहादुर धरवास तहसील व थाना पांगी के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार मध्यरात्रि करीब 1ः00 बजे धरवास से चलौली की ओर जा रही एक बोलेरो गाड़ी एचपी नंबर 0सी2097 जब शौग नाले के समीप पहुंची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इससे अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क से नीचे गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद गाड़ी में सवार एक व्यक्ति ने चोटिल होने के बाद घटनास्थल से दूर पहुंचकर पुलिस चौकी धरवास में हादसे के बारे में सूचना दी। इसके बाद पुलिस थाना पांगी की टीम ने रात को 2ः00 बजे मौके पर पहुंचकर घायलों और युवक के शव को नाले से बाहर निकालकर वाहनों के जरिये सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया जहां पर बुधवार सुबह पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया। घटन की पुष्टि पांगी थाना प्रभारी अशोक राणा ने की है। बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।