वार्ड में समस्याओं का अंबार, एक साल से भी अधिक समय से नहीं बिछाया तारकोल
सीवरेज का चैंबर ओवरफ्लो होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, दुर्घंध से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के वार्ड नंबर-5 जनसाली में समस्याओं का अंबार है। हैरत की बात है कि इन समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हो पाया है। रोजाना जनसाली-आईटीआई मार्ग पर आवाजाही करने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग पर एक वर्ष से अधिक समय बाद भी तारकोल नहीं बिछाया जा सका है। सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों की परीक्षा ले रहे हैं। मार्ग से गुजरते समय जरा-सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है। अब तक यहां छह से अधिक स्कूटी और बाइक सवार चोटिल हो चुके हैं। विद्युत बोर्ड की ओर से स्थापित ट्रांसफार्मर के समीप सीवरेज का चैंबर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे दुर्गंध के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रशिक्षु, आईटीआई प्रशिक्षु और साहो, कीड़ी, लग्गा, पल्यूर, सिल्लाघ्राट, बरौर, घघरोता, सुंगल सहित आसपास की पंचायतों के लोग शहर में प्रवेश करते हैं।
जनसाली-आईटीआई मार्ग पर सीवरेज चेंबर ओवरफ्लो होने के बावजूद किसी ने इसकी सुध नहीं ली है। नतीजतन, आईटीआई और एमबीबीएस प्रशिक्षुओं को गंदे पानी से होकर अपने संस्थानों तक पहुंचना पड़ रहा है। - राम ठाकुर
मार्ग पर असंख्य गड्ढे होने के कारण कई बाइक और स्कूटी चालक अनियंत्रित होकर चोटिल हो चुके हैं। बावजूद इसके गड्ढों को भरने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। - मनोज ठाकुर
जनसाली मोहल्ले को नगर परिषद पूरी तरह भूल चुकी है। चुनाव के समय केवल वोट मांगने के लिए प्रत्याशी घर-घर आते हैं लेकिन उसके बाद मोहल्ले की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता। - भानो राम
जनसाली बाजार में सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया था लेकिन मिंजर मेले के चलते मजदूरों को अन्य कार्यों में लगाया गया है। एक-दो दिन में मार्ग की मरम्मत का कार्य दोबारा शुरू कर पूरा करवाया जाएगा। सीवरेज चैंबर के ओवरफ्लो होने की जानकारी अभी मिली है। संबंधित विभाग से समन्वय कर इसे जल्द ठीक करवाया जाएगा। - सीमा कश्यप, पार्षद