प्रारंभिक और उच्च शिक्षा विभाग ने जिले के स्कूल मुखियाओं को दिए निर्देश
रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन और सरकार से की जाएगी बजट की डिमांड
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पिछले दो दिन में हुई भारी बारिश से सरकारी स्कूल भवनों को हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रारंभिक और उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने मांगी है। इसके लिए स्कूल मुखियाओं को तीन दिन का समय दिया है।
इस संदर्भ में विभाग ने समस्त स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्कूल भवनों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, चारदीवारी, शौचालयों, पेयजल व्यवस्था और अन्य शैक्षणिक परिसंपत्तियों को हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है। आदेश में स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में भवनों को आंशिक या गंभीर क्षति पहुंची है, वहां नुकसान का पूरा विवरण, अनुमानित मरम्मत लागत तथा वर्तमान स्थिति का उल्लेख किया जाए।
विभाग की मानें तो नुकसान रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिला स्तर पर नुकसान का समेकित आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर प्रशासन और राज्य सरकार से मरम्मत, पुनर्निर्माण और आवश्यक सुरक्षा कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की जाएगी। विभाग का उद्देश्य है कि प्रभावित विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए शैक्षणिक गतिविधियां बिना किसी व्यवधान के संचालित हो सकें। उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि समस्त स्कूलों को तय समय अवधि पर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया है ताकि उचित कदम उठाए जा सकें।