पठानकोट एयरबेस के आतंकी हमले में अदम्य साहस और बहादुरी की मिसाल बने चंबा के बासा गांव के शहीद जगदीश चंद को दूसरे सर्वोच्च सेना मेडल कीर्ति चक्र से नवाजा जाएगा। 22 मार्च को शहीदी दिवस के मौके पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी नई दिल्ली में शहीद की पत्नी स्नेहलता को कीर्ति चक्र प्रदान करेंगे।
शहीद के बेटे ने बताया कि इससे पूर्व 26 जनवरी को उनके शहीद पिता को गौरव से नवाजा जाना था। भारत सरकार अब 22 मार्च को यह सम्मान देगी। गौरतलब है दो जनवरी को तड़के 3.30 बजे आतंकियों ने पठानकोट एयरबेस में घुसबैठ की थी। इस दौरान डीएससी में सेवाएं दे रहे जवान जगदीश अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय देकर एक आतंकी से भिड़ गए और उसी की बंदूक से उसे मार गिराया। इस तरह दूसरे आतंकियों का पीछा करते हुए वह वीरगति प्राप्त हो गए थे।
जगदीश के साहस पूर्ण बलिदान के चलते ही क्विक रिएक्शन टीम ने त्वरित कार्यबाई में आतंकियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया था। शहीद जगदीश के बेटे रजत नारियल ने बताया कि पूरे देश को उनके पिता की शहादत पर नाज है। लिहाजा, सेना में रहकर देश सेवा करने का उनका एकमात्र लक्ष्य है।