अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता में दमखम दिखा रहे खिलाड़ी
कबड्डी में बट्ट आईटीआई खुशनगरी ने भरमौर को हराकर दर्ज की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। डलहौजी उपमंडल के बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में चल रही जिला स्तरीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता में शनिवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
शनिवार को आयोजित खो-खो के फाइनल मुकाबले में राजकीय आईटीआई चंबा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राजकीय आईटीआई कोटी को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा कबड्डी प्रतियोगिता में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मुकाबले में बट्ट आईटीआई खुशनगरी ने राजकीय आईटीआई भरमौर को हराकर जीत दर्ज की। राजकीय आईटीआई चंबा ने राजकीय आईटीआई गरनोटा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। कबड्डी के अन्य मुकाबलों में बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ ने मां ज्वाला आईटीआई भद्रम (चंबा) को हराया जबकि राजकीय आईटीआई छतराड़ी ने राजकीय आईटीआई कोटी को पराजित कर जीत अपने नाम की। प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेल मुकाबलों का आयोजन हुआ। इनमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यह खेल आयोजन युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता के प्रबंधक सचिव परवेज अली बट्ट ने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे।