खज्जियार(चंबा)। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार का रविवार को उपायुक्त डीसी राणा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना मास्क घूम रहे 15 सैलानियों को जहां चालान थमाए गए तो वहीं, मैदान के इर्दगिर्द जाम छलका रहे दो लोगों को ड्रोन की मदद से ट्रेस कर दो हजार जुर्माना किया। इसके अलावा खज्जियार मैदान में बिना मास्क फ्रूट चाट बेच रहे एक रेहड़ी धारक का चालान किया। साथ ही रेहड़ी को 24 घंटे के लिए सील किया। प्रशासन की दबिश के चलते खज्जियार मैदान में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को उपायुक्त चंबा डीसी राणा समेत डीएसपी अजय कपूर व अन्य अधिकारी खज्जियार पहुंच गए। जहां उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा बिना मास्क घूम रहे पर्यटकों पर कार्रवाई की। साथ ही पर्यटकों को मास्क भी वितरित किए। टीम ने खज्जियार के दुकानदारों व कारोबारियों को सख्त हिदायत दी कि कोरोना नियमों की अनुपालना करें और किसी भी तरह से लापरवाही न बरतें। उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को भी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने बारे आदेशित किया। गौरतलब है कि गत सप्ताह अमर उजाला टीम ने पड़ताल मुहिम के तहत कोरोना प्रोटोकोल व्यवस्था का जायजा लिया। इसको लेकर सोमवार को पूरी रिपोर्ट प्रकाशित की। जिसमें सैलानियों द्वारा नियमों को दरकिनार कर कोरोना संक्रमण को दावत दी जा रही थी। बहरहाल, रविवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंच कर शिकंजा कसा। उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते सावधानी बरतने की आवश्यकता है। लोग लापरवाही न बरतें और कोरोना नियमों की पालना करें।