घुटणू मार्ग पर हो रही अवैध डंपिंग से बढ़ा खतरा।
चंबा। लोक निर्माण विभाग विकास के नाम पर विनाश को न्योता दे रहा है। लोक निर्माण विभाग जिला मुख्यालय के साथ घुटणू सड़क का निर्माण करवा रहा है। सड़क को बनाने के लिए की जा रही कटिंग का सारा मलबा अवैध तरीके से वन भूमि में ठिकाने लगाया जा रहा है। इससे जहां वन भूमि को नुकसान पहुंच रहा है तो वहीं निचले इलाके की बस्ती को भी खतरा पैदा हो गया है। बरसात के मौसम में यह मलबा रिहायशी इलाके में तबाही मचा सकता है। मलबे को नीचे खिसकने से रोकने के लिए डंपिंग साइट में किसी प्रकार का क्रेटवर्क नहीं किया है। इसकी वजह से वहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। हैरानी इस बात की है कि लोक निर्माण विभाग सड़क बनाने के चक्कर में इस तबाही के मंजर को तैयार कर रहा है लेकिन वन विभाग सबकुछ देखने के बाद भी आंखें मूंद कर बैठा है।
बैली पंचायत निवासी प्रकाश चंद, योगराज, कमल कुमार, नीरज, हरीश कुमार, सुरेश कुमार, प्यार सिंह, सूरज और मान सिंह ने बताया कि घुटणू के लिए जो सड़क बनाई जा रही है वहां पर मलबा अवैध रूप से ठिकाने लगाया जा रहा है। सड़क बनाने वाला ठेकेदार मनमर्जी से कार्य कर रहा है। मलबे के कारण कई बार पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे कार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वन मंडल अधिकारी चंबा कृतज्ञ कुमार ने बताया कि अवैध डंपिंग को लेकर जल्द टीम भेजकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।