डल झील और लंगर स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा ने सेक्टर ऑफिसरों और सेनिटेशन सुपरविजन में तैनात कर्मचारियों को मोबाइल शौचालयों समेत यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। मोबाइल शौचालयों की नियमित सफाई और उचित देखरेख सुनिश्चित की जाए। निर्देश दिए कि पानी की उपलब्धता में किसी तरह की समस्या सामने आने पर संबंधित कर्मचारी तुरंत जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का समाधान करवाएं। पानी की कमी के कारण शौचालयों की स्वच्छता और उपयोगिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
एडीएम ने डल झील के आसपास विशेष रूप से सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झील क्षेत्र में कूड़ा-कचरा जमा न हो और नियमित रूप से सफाई करवाई जाए। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
लंगर स्थलों पर भी स्वच्छता, पेयजल और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सेक्टर ऑफिसरों को इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा मार्ग, लंगर स्थलों और धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है।