चंबा। प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए निर्धारित किए गए 15 सूत्रीय कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित लोगों को लाभान्वित करने और उनके कल्याण के लिए 15 सूत्रीय कार्यक्रम चलाया है। इसका उद्देश्य शिक्षा अवसरों को बढ़ावा देने, आर्थिक कार्यकलापों और रोजगार में समुचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने, अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों के जीवन स्तर में सुधार लाने, सांप्रदायिक दंगों से पीड़ितों का पुनर्वास, अल्पसंख्यक बहुल स्कूलों में उर्दू भाषा में शिक्षा देने का प्रयास और सांप्रदायिक दंगों की रोकथाम और नियंत्रण करना है। बैठक में चर्चा के बाद एडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने वर्तमान समय में अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। संवाद