विधानसभा में निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा विधेयक 2026 पारित, चंबा के औद्योगिक संघों ने जताया आभार
डिजिटल मंजूरियों से घटेगी प्रक्रिया की जटिलता, रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल प्रदेश निवेश प्रोत्साहन एवं सुविधा विधेयक 2026 के विधानसभा में पारित होने पर चंबा के औद्योगिक संघों ने प्रदेश सरकार का आभार जताया है।
संघ के पदाधिकारियों पंकज चौफला, जसबीर सिंह, रामपाल, सुखदेव राज, बिशन दास और शिवांश शर्मा ने मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नया विधेयक हिमाचल प्रदेश सिंगल विंडो (निवेश संवर्धन एवं सुविधा) अधिनियम, 2018 का स्थान लेगा। इसके तहत उद्योगों को ऑनलाइन माध्यम से समयबद्ध स्वीकृतियां मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित एकल खिड़की प्राधिकरण परियोजनाओं की मंजूरी प्रक्रिया को गति देगा। पात्र उद्यमियों को स्व-प्रमाणन के आधार पर स्थापना से पहले की स्वीकृतियां लेने की सुविधा भी मिलेगी।
विधेयक में निवेशकों के लिए डिजिटल लैंड बैंक और उद्योग निदेशालय में निवेश संवर्धन एवं सुविधा प्रकोष्ठ स्थापित करने का प्रावधान है। औद्योगिक सलाहकार मंच के माध्यम से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी मिलेगी।
औद्योगिक संघों ने उम्मीद जताई कि नई व्यवस्था से निवेश प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनेगी। इससे प्रदेश में सतत और हरित औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।