30 तक पुरानी व्यवस्था से होगा वितरण, जिले के 524 डिपो संचालकों को नई मशीनों का मिलेगा प्रशिक्षण
जिले के 1,40,006 कार्ड धारकों को मिलेगी राहत, विभाग ने भ्रामक बताईं राशन वितरण न होने की चर्चाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पुरानी पॉस मशीनों को बदलकर नई ई-पॉस मशीनें लगाने की प्रक्रिया के बीच जिले के राशन कार्ड धारकों को सस्ते राशन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
25 नवंबर से 30 नवंबर तक जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों में पहले की तरह राशन का वितरण किया जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग ने मशीनें बदलने के कारण राशन वितरण बंद होने की चर्चाओं को भ्रामक बताया है। विभाग के अनुसार, जिले के 1,40,006 राशन कार्ड धारकों को नियमित रूप से राशन मिलता रहेगा।
विभाग ने जिले के सभी 524 डिपो संचालकों को नई ई-पॉस मशीनें आवंटित कर दी हैं। इनके संचालन के लिए ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। हालांकि, नई मशीनों से राशन वितरण की व्यवस्था सरकार और निदेशालय के निर्देश मिलने के बाद ही लागू होगी। तब तक पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी। उपभोक्ता 30 नवंबर तक अपने संबंधित डिपो से पहले की तरह राशन प्राप्त कर सकेंगे।
जिले में चंबा, चुराह, भटियात और डलहौजी विधानसभा क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति विभाग के 424 डिपो संचालित हैं। इसके अलावा भरमौर में 67 और पांगी में 33 उचित मूल्य की दुकानें हैं। सभी डिपो में नई मशीनें पहुंचने से व्यवस्था बदलने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ने बताया कि 25 नवंबर से राशन वितरण बंद होने की सूचना भ्रामक है। उपभोक्ता 30 नवंबर तक मौजूदा व्यवस्था के तहत राशन ले सकते हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और नियमित रूप से डिपो से राशन प्राप्त करने की अपील की।