विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रमों और देशभक्ति के गानों पर खूब जमाया रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। राजकीय उच्च पाठशाला ढलोग और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुनिआला में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति कार्यक्रमों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। ढलोग स्कूल में समारोह की अध्यक्षता मुख्य अध्यापिका रीना भट्ट ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गुनिआला स्कूल में प्रधानाचार्य भूपेंद्र भारद्वाज की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों को ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विषयों पर भाषण दिए। गुनिआला स्कूल में प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।