लोग बोले- अकसर रूट पर नहीं आती है बस, विद्यार्थियों को होती है ज्यादा परेशानी
कर्मचारी और मजदूर भी परेशान, भारी स्कूल बैठ उठाकर पैदल जा रही विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत से रंगड़ के लिए चलने वाली एचआरटीसी की बस सेवा अव्यवस्थित हो गई है। बस का निर्धारित रूट पर अकसर मिस हो जाना आम समस्या बन चुकी है।
इसका खामियाजा स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मजदूरों को उठाना पड़ रहा है। इस बस सेवा पर बड़ेरु, बासा, भगूड़ी, धारद, ढलोग, बगधार, धार और मझधार सहित कई गांवों के लोग निर्भर हैं। खासतौर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए यह बस जीवनरेखा के समान है। बस न आने से विद्यार्थियों को भारी स्कूल बैग उठाकर कई किलोमीटर पैदल जाना पड़ता है। देर से स्कूल पहुंचने पर उनकी अनुपस्थिति भी दर्ज कर दी जाती है। अभिभावक इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
बनीखेत में काम करने आने वाले कर्मचारी और दिहाड़ीदार भी समय पर अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पाते हैं। कई बार उन्हें मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। उधर, एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि नियमित बस सेवा जारी रखने के आदेश दिए जाएंगे।
परिचर्चा
इस रूट पर बस सेवा का बाधित होना अब आम बात बन चुकी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। -संजीव कुमार
बस सेवा नियमित न होने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी हो जाती है। कई बार उनकी हाजिरी नहीं लग पाती है। बस को नियमित रखना प्रबंधन का काम है। - राज कुमार
रूट पर बस न चलने की स्थिति में बच्चों को 20 से 30 किलोग्राम का स्कूल बैग का बोझ पीठ पर लाद कर चलना पड़ता है। इससे बच्चों की मुसीबतें बढ़ रही हैं। - दीप कुमार
काम के सिलसिले में बनीखेत आना-जाना पड़ता है। बस नियमित रूप से न चलने के कारण मुसीबतें बढ़ रही हैं। रूट पर नियमित बस सेवा होनी चाहिए। - रमेश कुमार