चंबा। जिला चंबा में गेहूं की खेती को लेकर किसानों का रुझान बढ़ा है। इस बात का अंदाजा पिछले पांच साल के मुकाबले इस बार 300 क्विंटल के करीब बीज अधिक बिका है। इस सीजन में कृषि विभाग की ओर से 1470 क्विंटल की पहली मांग भेजी गई। इसके बाद दूसरी डिमांड विभाग की ओर से 240 क्विंटल की निदेशालय भेजी। यह बीज भी किसानों ने हाथों हाथ खरीद लिया। इसके बाद 500 क्विंटल बीज की और डिमांड कृषि विभाग ने भेजी।
यह बीज भी तुरंत खत्म हो गया। कुल मिलाकर 22,10 क्विंटल गेहूं के बीज की खपत जिले में हुई। पिछले पांच साल में बीज की यह खपत सबसे ज्यादा है। पिछले कुछ सालों में 1,900 और 1,800 क्विंटल तक ही गेहूं का बीज जिले में बिका है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि जिले में गेहूं की खेती की ओर किसानों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
इस बार 22,10 क्विंटल गेहूं के बीज की खपत जिले में हुई है। जो पिछले कुछ वर्षाें से काफी ज्यादा है। किसान अब गेहूं की बिजाई की ओर बढ़ रहे हैं।
डॉ. कुलदीप धीमान, उपनिदेशक, कृषि विभाग