शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बोले- प्रदेश में जल्द होगी पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति
मांधा में विज्ञान खंड और सैल्ली में नए स्कूल भवन का किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भरमौर क्षेत्र में 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में 1 करोड़ 48 लाख रुपये से बने विज्ञान खंड और राजकीय उच्च पाठशाला सैल्ली में 87 लाख रुपये से निर्मित नए भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान सदर के विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मांधा और सैल्ली में आयोजित जनसभाओं में शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और केंद्र सरकार से जुड़े वित्तीय संसाधनों की चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने और जीएसटी कंपनसेशन का जिक्र करते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के बीच भी सरकार विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में करीब 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इसके अलावा पांच हजार शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मांधा स्कूल में विज्ञान के पद सृजित करने का आश्वासन
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान विषय के पद सृजित करने और अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालय निर्माण को तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही भरमौर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आएंगे। इस दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएंगे।
माता बन्नी मंदिर में की पूजा-अर्चना
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बन्नी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।