14 करोड़ रुपये से संवारी जा रही 18 किलोमीटर सड़क, 15 पंचायतों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत
तारकोल बिछाने का काम तेज, किसानों को फसलें मंडियों तक पहुंचाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने में होगी आसानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। लचौड़ी-बिंदोखी सड़क के सुधारीकरण का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबी सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की करीब 15 पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सड़क सुधरने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। किसानों को नकदी फसलें बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने में लगने वाला समय भी बचेगा। क्षेत्रवासियों ने सड़क का काम अंतिम चरण में पहुंचने पर खुशी जताई है।
पूर्व प्रधान मौड़ा प्रकाश कपूर, बस चालक मनोज राजपूत, प्रकाश शर्मा, बलवंत सिंह, विक्रम शर्मा, राहुल कुमार, नीलकुमार और भिंडा ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसके सुधारीकरण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी और विभाग का आभार जताते हुए शेष कार्य जल्द पूरा करने की मांग की। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रजत सहगल ने बताया कि सड़क का सुधारीकरण अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।