मैहला के 172 परिवारों की पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये, अगले सत्र से खुलेगा सीबीएसई स्कूल
मुख्यमंत्री ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, कई अहम घोषणाएं कीं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि प्रदेश में अगले महीने मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू होगी। इसके तहत 21 से 59 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मैहला पंचायत के 172 परिवारों को योजना के लिए चिह्नित किया गया है। एक परिवार में तीन पात्र महिलाएं होने पर तीनों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने वीरवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला पंचायत में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान यह एलान किया।
मुख्यमंत्री ने गांव में रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रात बिताने का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और चुनौतियों को करीब से समझना है। दावा किया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार कोई मुख्यमंत्री सरकारी विश्राम गृह के बजाय गांव के घर में रात्रि ठहराव कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगामी शैक्षणिक सत्र से मैहला में सीबीएसई स्कूल शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पांगी में प्राकृतिक तरीके से उगाए गए जौ का समर्थन मूल्य 70 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो किया गया है। गाय के दूध का खरीद मूल्य 31 से बढ़ाकर 61 और भैंस के दूध का 46 से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति किलो किया गया है। दूध उत्पादकों की प्रोत्साहन राशि भी तीन से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गद्दी समुदाय के पशुपालकों को मीट के बेहतर दाम दिलाने के लिए नई योजना तैयार की जा रही है। सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटरीकरण किया गया है और विभिन्न विभागों में रिक्त पद प्राथमिकता से भरे जा रहे हैं।