चंबा। मिंजर मेले के दौरान कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना पुलिस सहायता कक्ष या उनके टोल फ्री नंबर पर दें। इसको लेकर पुलिस विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मिंजर मेला 28 जुलाई से चार अगस्त तक मनाया जा रहा है।
इस दौरान चंबा में काफी भीड़ होगी। इस दौरान किसी को भी कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। छोटे बच्चों को मेले में लेकर जाते समय अभिभावक उनका ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा गुम हो जाता है तो उसकी सूचना भी पुलिस सहायता कक्ष में दें। मिंजर के दौरान लोग इस बात का ध्यान रखें कि वे रावी नदी में नहाने के लिए न जाएं। इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। रावी नदी का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है। चौगान में खाने के स्टाॅल लगाने वाले दुकानदार सिलिंडर और मिट्टी के तेल का प्रयोग सावधानी के साथ करें। पुलिस लोगों की सहायता व सुरक्षा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। संवाद