उपायुक्त के नेतृत्व में प्रशासन की टीमें ने घर-घर जाकर बंधाया ढांढस
टीमों ने प्रभावित परिवारों को दिलाया हरसंभव सहायता का भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। उपायुक्त के नेतृत्व में पांगी प्रशासन लाहौल-पांगी सड़क पर दुर्घटना का शिकार लोगों के परिवारों से मिला। प्रशासन की अलग-अलग टीमें रविवार को साच, सेचू, हिलौर और घिसल गांव पहुंचीं।
अधिकारियों ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त के निर्देश पर पांगी प्रशासन ने दुर्घटना में काल का शिकार प्रत्येक मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों की समस्याएं भी सुनीं। उन्हें राहत एवं पुनर्वास योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
आरसी पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि इस दुखद घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। सभी संबंधित विभागों को राहत कार्यों में तेजी लाने और जरूरतमंद परिवारों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए राजस्व, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों की टीमें समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।