उदयपुर में अवैध रूप से बनाए रास्ते को बंद करवाने के बाद जेसीबी के साथ खड़ी वन विभाग व पुलिस की संयु
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उदयपुर के पास नाले में अवैध रूप से बनाई गई सड़क को वन विभाग ने कंटीले तार लगवाकर बंद करवा दिया है। साथ ही वहां पर चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया है कि इन तारों को हटाने वालों के खिलाफ विभाग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगी। कुछ लोगों ने रातोंरात उदयपुर के पास बने नाले में टिपर और ट्रैक्टरों की आवाजाही के लिए रास्ता बना दिया था। इसकी भनक लगते ही वन विभाग हरकत में आ गया। वनमंडलाधिकारी डलहौजी ने विभागीय टीम को पुलिस बल साथ लेकर मौके पर जाकर कार्रवाई के आदेश दिए। वन परिक्षेत्र अधिकारी की अगुवाई में विभागीय टीम और पुलिस बल ने रास्ते को बंद कर दिया। सड़क के साथ कंटीले तार लगाए गए, जिससे कोई भी वाहन इस रास्ते का इस्तेमाल न कर सके।
वन विभाग की ओर से खननकारियों सहित अन्य माल वाहक वाहन मालिकों को चेतावनी दी गई है कि वे विभाग के आदेशों की अवहेलना करके रास्ते को न खोलें। ऐसा करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी स्थान पर एक हॉट मिक्सचर प्लांट भी बनाया गया है, जिसके लिए माल वाहक वाहनों की आवाजाही सरकारी भूमि से की जा रही थी। इससे वातावरण को काफी नुकसान हो रहा था। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस जगह पर नाले में बनाए रास्ते को बंद करके सील कर दिया है।
वन मंडलाधिकारी डलहौजी कमल भारती ने बताया कि उदयपुर के पास नाले में बनाए रास्ते को बंद करवाया गया है। स्थानीय लोगों को चेतावनी दी गई है कि जो भी इस रास्ते को खोलेगा, उसके खिलाफ विभाग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगा।