चंबा। शहर के विभिन्न वार्डाें में ठेकेदारों द्वारा नियमित तौर पर कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में नगर परिषद चंबा द्वारा बनाए गए हॉट स्पॉट क्षेत्रों में गंदगी का आलम है। तीन दिनों के बाद मंगलवार को कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी पहुंची। वहीं, नगर परिषद चंबा ने भी ठेकेदारों को निर्देश दिएं है कि वे प्रतिदिन कूड़ा उठाएं। अन्यथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और काम के हिसाब से जुर्माना किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद चंबा के हरदासपुरा और सुल्तानपुर वार्ड में पिछले तीन दिन से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा था। इस कारण यहां गंदगी का माहौल है। शहरवासियों में रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, अमित कुमार, नवीन कुमार, संजय कुमार, मेहूल कुमार, सार्थक कुमार और नरेंद्र कुमार का कहना है कि नगर परिषद की ओर से शहर को साफ सुथरा रखने के दावें तो किए जा रहे है। मगर घरों से एकत्रित किए जाने वाला कूड़ा सड़कों पर ही बिखर रहा है। तीन-तीन दिन बाद कूड़ा उठाया जा रहा है। नगर परिषद चंबा को इस बारे ठेकेदारों पर शिकंजा कसना चाहिए। ताकि रोजाना सफाई होती रहे और कूड़ा भी सही ढंग से निष्पादित हो सकें।
नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कूड़ा संयंत्र में कुछ समस्याएं थी। इस वजह से कूड़ा नहीं उठाया गया। अब व्यवस्था ठीक हो गई है। रोजाना कूड़ा उठाया जाएगा।