चंबा उपायुक्त को निजी परियोजना की ओर से मजदूरों के किए जा रहे शो@ाण के खिलाफ ज्ञापन सौंपते कां
निजी परियोजना में काम कर रहे मजदूरों की यूनियन ने उपायुक्त को सौंपा मांगों का ज्ञापन
जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अगुवाई में श्रमिकों ने डीसी को बताईं अपनी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले की एक निजी परियोजना में काम कर रहे मजदूरों की समस्याओं को लेकर यूथ इंटक पदाधिकारियों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी की अगुवाई में जिलाधीश मुकेश रेपसवाल को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन के भीतर मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सभी मजदूर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। यूनियन के जिला अध्यक्ष विरेंद्र पुजारी ने बताया कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को पत्र दिए गए लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी मजदूरों को उनका हक नहीं दे रही है। जो मजदूर या स्थानीय लोग अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें नौकरी से निकालने या झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। यूनियन ने मांग की है कि परियोजना में कार्यरत सभी मजदूरों को तुरंत ज्वाइनिंग लेटर और आईडी कार्ड दिए जाएं। यह भी आरोप लगाया कि कंपनी मजदूरों से हर रविवार को काम करवाती है। बावजूद इसके साप्ताहिक अवकाश या उसका भुगतान नहीं दिया जाता। इसके अलावा ट्रैवल अलाउंस, हाइड्रो अलाउंस, डस्ट अलाउंस, मेडिकल अलाउंस, फूड अलाउंस और वाशिंग अलाउंस जैसे भत्ते भी मजदूरों को नहीं दिए जा रहे हैं। इसके अलावा मजदूरों की अन्य मांगों में हर महीने की 7 तारीख तक वेतन भुगतान, मूल वेतन का 15 प्रतिशत एचआरए, परियोजना प्रभावित और स्थानीय लोगों को 80 प्रतिशत रोजगार, छंटनी की स्थिति में उचित मुआवजा और सभी मजदूरों को श्रम कल्याण बोर्ड से जोड़ना शामिल है। उन्होंने कहा कि अगर 7 दिन के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मजदूर कंपनी के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।