चंबा। हिमाचल प्रदेश इलेक्टि्रकल ट्रेड बेरोजगार युवा संघ चंबा की बैठक ऑनलाइन माध्यम से हुई। बैठक में समस्त पदाधिकारी और सदस्य जुड़े। बैठक में हाल ही में मुख्यमंत्री की ओर से बिजली बोर्ड में 800 बिजली मित्र भरने के निर्णय का विरोध किया गया।
साथ ही सरकार से आग्रह किया है कि पूर्व की तरह ही बोर्ड में नियुक्तियां दी जाएं। बैठक में मौजूद बेरोजगार अजीत ठाकुर, अक्षय कुमार, कृष्णकुमार, अमित कुमार, राहुल कुमार, सन्नी कुमार, राकेश कुामर, अशोक कुमार, अनिल कुमार, विशाल कुमार और सूरज ने बताया कि पहले भी सरकार की ओर से नियमित तौर पर टी मेट और हेल्पर की भर्तियां की गई हैं।
अब सरकार द्वारा बिजली मित्र रखे जा रहे है, जो सरासर गलत है। सरकार का यह निर्णय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेरोजगारों का कहना है कि सरकार की ओर से पक्की नौकरी देने का वायदा किया गया था। मगर अब मित्र रखकर ठगा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड की बीओडी की बैठक में 1,030 पदों को भरने का निर्णय लिया गया था लेकिन आज दिन तक इन पदों पर भर्ती नहीं हो पाई है। उन्होंने सरकार को चेताया है कि अगर बिजली मित्र रखने का फैसला वापस नहीं लिया जाता है तो समस्त बेरोजगार सड़कों पर उतरेंगे और सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे।