चनेड़ चंबा। राजकीय-अर्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला चंबा की जिला स्तरीय बैठक परेल में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान किशन चंद राणा ने की। बैठक में राज्य कार्यकारिणी के उपप्रधान राजेश वर्मा, राज्य कार्यकारिणी के सलाहकार तथा जिला महासचिव महेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान कुलदीप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया तथा रस्तो राम को भटियात इकाई का प्रधान सर्वसहमति से चुना गया। बैठक में कार्यकारिणी विस्तार के बाद विभिन्न मसलों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी रणनीति तैयार की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों का डीए, पे स्केल का एरियर तथा वेतन विसंगतियों को बिना विलंब दूर किया जाए। साथ ही जल्द से जल्द कर्मचारियों की देनदारियों का भुगतान किया जाए। इस मौके पर मनजीत सिंह, श्याम पठानिया, जिला कोषाध्यक्ष मनीष कुमार सहित समस्त खंड प्रधान और महासचिव मौजूद रहे।