होली-उतराला सड़क के लिए बजट और रिक्त पद भरने की घोषणा की मांग
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दौरे को जनहित से जोड़ने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के होली दौरे को लेकर कहा कि यदि केवल फीता काटने के लिए आना है तो वह शिमला से ही फीता काट सकते हैं।
उनके दौरे का वास्तविक लाभ तभी होगा, जब वह आजादी के बाद से लंबित होली-उतराला सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की घोषणा करेंगे।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि उन्होंने ट्राइबल एडवाइजरी कमेटी की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया था। उस दौरान मुख्यमंत्री ने मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के मुखिया हैं। सांविधानिक पद की गरिमा का सम्मान करते हुए वह होली में उनका स्वागत करेंगे और क्षेत्र की समस्याएं भी उनके समक्ष रखेंगे।
डॉ. जनकराज ने कहा कि भरमौर और पांगी में विभिन्न सरकारी विभागों में अधिकारियों के पद खाली हैं। स्कूलों में शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री को दौरे के दौरान अधिकारियों और शिक्षकों के रिक्त पद जल्द भरने की घोषणा भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वित्तीय प्रावधान और रिक्त पदों को भरने का भरोसा मिलने पर ही दौरा क्षेत्र के लोगों के लिए सार्थक साबित होगा।