चंबा। शहर में सड़क के किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर स्थायी तौर लगाना नगर परिषद को महंगा पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) को निर्देश दिए हैं कि बोर्ड की टीम शहर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण करे। इस दौरान टीम देखे कि जहां पर नगर परिषद की तरफ से कूड़ा इकट्ठा किया जाता है, वहां पर नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा रहा है या नहीं। इसकी रिपोर्ट बनाकर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
यह बात उपायुक्त की अध्यक्षता में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सामने आई है। इसको लेकर पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने कहा कि कहा कि बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने, जो भी निर्देश दिए हैं। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही पीसीबी की टीम शहर के साथ अन्य मोहल्लों का भी निरीक्षण करेगी। वहां पर इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों के घरों से रूटीन से कूड़ा लिया जा रहा है या नहीं। इसमें यदि किसी प्रकार की लापरवाही मिली तो पीसीबी नप के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में शहर के वातावरण को प्रदूषित होने से बचाने को लेकर चर्चा की गई। कुरांह कूड़ा संयंत्र में आग से जो जला हुआ कूड़ा पड़ा है। उसे ठिकाने लगाने के लिए नगर परिषद को निर्देश दे दिए गए हैं।
रावी नदी और खज्जियार झील के भरे जा रहे सैंपल
पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने कहा कि रावी नदी और खज्जियार झील के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए नियमित तौर से सैंपल भरे जा रहे हैं। कुछ माह पहले बारगाह में सीवरेज प्लांट से छोड़े जाने वाले पानी का सैंपल फेल हुआ था। इसके लिए जल शक्ति विभाग मंडल चंबा को 15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह जुर्माना विभाग ने अभी तक नहीं भरा है। इसको लेकर एनजीटी कभी भी विभाग पर कार्रवाई कर सकता है।