खज्जियार (चंबा)। दो महीने तक पर्यटन स्थल खज्जियार में बंद रही पैराग्लाइडिंग अब बहाल होने वाली है। 16 सितंबर को अधिकारिक तौर पर पैराग्लाइडिंग करने की अनुमति मिल जाएगी। इसके उपरांत पर्यटक आसमान में रोमांच का आनंद उठा पाएंगे। बरसात के मौसम को देखते हुए पर्यटन विभाग ने दो महीने के लिए इस पर पाबंदी लगाई थी, ताकि किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न घटे। अब बरसात भी खत्म होने वाली है और पाबंदी भी हटने वाली है। ऐसे में पैराग्लाइडिंग यूनियन के सदस्यों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। खज्जियार में चिह्नित साइटों में जाने वाले रास्तों को संवारा जा रहा है, ताकि,वहां आसानी से पर्यटकों को पहुंचाया जा सके।
यूनियन के प्रधान प्रदीप शर्मा ने बताया कि 16 सितंबर को दोबारा से मानव परिंदे हवा में उड़ना शुरू हो जाएंगे। इससे पर्यटन कारोबार भी बढ़ेगा। मौजूदा समय में पर्यटक यहां घूमने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में जब उन्हें पता लगेगा कि पैराग्लाइडिंग फिर से शुरू हो गई है तो वे जरूर रोमांच का आनंद उठाने के लिए यहां पहुंचेंगे। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति को लाभ मिलेगा। बरसात के कारण पर्यटन कारोबार पूरी तरह से ठप हाे चुका है।