डीडीएम चंबा को ज्ञापन सौंपते एचआरटीसी के कर्मचारी। -स्रोत : स्वयं
चंबा। एचआरटीसी चालकों ने स्टाफ की कमी, जर्जर बसों, खराब कलपुर्जों और निर्धारित रेस्टरूम की मरम्मत जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर चंबा के डीडीएम को ज्ञापन सौंपा है। चालकों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, जिससे यात्री सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञापन में चालकों ने कहा कि खस्ताहाल बसों को चलाना जोखिम भरा हो गया है, क्योंकि इनमें तकनीकी खराबी की आशंका बनी रहती है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और चालक की जवाबदेही दोनों संकट में पड़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार बस खराब होने पर यात्रियों की नाराजगी झेलनी पड़ती है।
चालकों ने यह भी कहा कि निजी बस ऑपरेटर समय सारिणी की अनदेखी कर एचआरटीसी की बसों से पहले या काफी देर बाद रूटों पर दौड़ रही हैं, जिससे निगम को घाटा और यात्रियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही चालकों ने स्टाफ की कमी, कलपुर्जों की समय पर उपलब्धता और कर्मचारियों की उचित तैनाती की मांग भी उठाई।
रेस्टरूम की मरम्मत न होने से ड्यूटी के दौरान चालक-परिचालकों को असुविधा हो रही है। इस मौके पर उपप्रधान ओम शंकर, हेम राज, विजय सिंह, विवेक गुलेरिया सहित कई चालक उपस्थित रहे। डीडीएम शूगल सिंह ने आश्वासन दिया कि चालकों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लिया जाएगा और जल्द समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।