चंबा। चंबा से सलूणी जा रही एचआरटीसी बस शनिवार को ईंट नाला के पास अचानक बंद हो गई। बस के निर्धारित समय से पहले ही खराब हो जाने के कारण यात्रियों को बीच रास्ते में इंतजार करना पड़ा। तेज ठंड और सड़क किनारे एक घंटे तक खड़े रहने की मजबूरी ने यात्रियों को खासा परेशान किया। बता दें कि शनिवार को सुबह करीब 9 बजे यह बस ईंट नाला के पास खराब हो गई जिसके बाद परिवहन निगम की ओर से दूसरी बस भी नहीं भेजी गई।
यात्रियों में तेज सिंह, कुशल कुमार, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, जानवी ठाकुर, किरण, दिशा ठाकुर ने बताया कि चंबा डिपो की कई बसें बेहद जर्जर हालत में सड़कों पर चलाई जा रही हैं। उनका कहना है कि ये खटारा बसें 10–15 किलोमीटर भी ढंग से नहीं चल पातीं और आए दिन खराब होने के कारण लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है और इन दिनों सर्दियों के मौसम में बीच रास्ते में बस के खराब होने से और भी दिक्कतें आई। परिवहन निगम पुराने वाहनों की मरम्मत और रखरखाव पर ध्यान नहीं दे रहा है, जिसकी वजह से यात्रा असुरक्षित और असुविधाजनक हो गई है। यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से आग्रह किया कि खराब बसों को तुरंत बदलकर इस रूट पर नई या अच्छी हालत वाली बसें चलाई जाएं। वहीं, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि बसें काफी पुरानी हो चुकी हैं। तकनीकी खराबी के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हो जाती है। बसों की डिमांड भेजी है। उम्मीद है जल्द चंबा डिपो को नई बसें मिलें।