चंबा। दिल्ली से चंबा आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस मंगलवार शाम करीब 7 बजे चंडीगढ़ में खराब हो गई। बस का एसी और एक्सीलेटर काम करना बंद कर गए।
किसी तरह बस को ऊना तक पहुंचाया गया, जहां यात्रियों को दूसरी बसों में शिफ्ट करने के दौरान भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इस प्रक्रिया में करीब डेढ़ घंटे तक यात्री परेशान रहे।
यात्री अमित, नीशू, निलेश और समृद्धि ने बताया कि ऊना में उनका सामान बस से उतारकर दूसरी बसों में चढ़ाया गया। पहले से भरी हुई बसों में सीटें तलाशने और सामान रखने में भी दिक्कत हुई। उन्हें आरामदायक सीटें तक नहीं मिल पाईं। बार-बार सामान उतारने और चढ़ाने से सफर और मुश्किल हो गया।
दिल्ली से हिमाचल घूमने आ रहे यात्रियों ने कहा कि बस खराब होने और उसके बाद की अव्यवस्था ने उनका सफर का अनुभव खराब कर दिया। उन्होंने एचआरटीसी की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। बस में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या पेश आई। इसके बाद यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से चंबा पहुंचाया गया।