चंबा। चंबा-संघणी-लंगेरा रूट पर जा रही एचआरटीसी बस वीरवार को कोटी पुल के समीप हांफ गई। इस वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बस में करीब बीस यात्री सवार थे। करीब आधा घंटा बस ठीक होने का इंतजार यात्रियों ने किया। मगर बस दुरुस्त नहीं हो सकी। ऐसे में एचआरटीसी की ओर से हिमगिरी रूट से आ रही बस को लंगेरा के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार बस सुबह साढ़े छह बजे न्यू बस स्टैंड चंबा से लंगेरा के लिए रवाना हुई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। मगर बस जैसे ही कोटी पुल के समीप पहुंची तो खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा किया।
चालक परिचालक ने बस को दुरुस्त करने के प्रयास किए। मगर कोई सफलता नहीं मिल पाई। बस दुरुस्त न होने के कारण यात्रियों को परेशानी पेश आई। इसके बाद अन्य बसों से सवारियों को गंतव्यों तक पहुंचाया।
गौरतलब है कि चंबा क्षेत्र में दौड़ रही एचआरटीसी की बसें आए दिन खराब हो जाती है। बीते दिनों भी एक बस खैरी मार्ग पर खराब हो गई थी। इससे यात्रियों को दिक्कतें पेश आईं। यात्री रोहित कुुमार, सुरेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, सुरेश कुमार मनोज कुमार, नरेश कुमार, दलीप कुमार और संजीव कुमार का कहना है कि एचआरटीसी को नई बसों की मांग करनी चाहिए।
जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए। आरएम चंबा सुभाष कुमार का कहना है कि बस कोटी पुल के समीप खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि बस खराब होने के बाद दूसरी बस भेजी गई। एचआरटीसी बसों की डिमांड भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्द सरकार चंबा डिपो के लिए नई बसों की व्यवस्था करेगी।