साहो (चंबा)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) जल्द ही साहो में क्रिकेट अकादमी शुरू करेगा। इसके लिए कोच की नियुक्ति भी कर दी गई है। यह अकादमी साहो और आसपास की करीब 16 पंचायतों के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देगी। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
जिला परिषद सदस्य लियाकत खान ने एचपीसीए के क्यूरेटर के साथ निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदान को क्रिकेट अकादमी के अनुरूप विकसित करने की तैयारियों का जायजा लिया। मैदान को सबसे पहले मिट्टी और रेत की परत बिछाकर समतल किया जाएगा। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग से अभ्यास पिच भी तैयार की जाएगी। लियाकत खान ने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। उन्हें अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
लियाकत खान ने चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर के प्रयासों की सराहना की। नीरज नैयर क्षेत्र के विकास और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा के योगदान की भी प्रशंसा की। अकादमी शुरू होने से साहो और आसपास की पंचायतों के उभरते खिलाड़ियों को क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।